मीडिया का बहुत बड़ा सामाजिक दायित्व है- बलबीर दत्त

चतरा में देशप्राण के जिला कार्यालय का उद्घाटन
मीडिया का बहुत बड़ा सामाजिक  दायित्व है- बलबीर दत्त


हजारीबाग
पद्मश्री एवं देशप्राण के प्रधान संपादक बलबीर दत्त ने कहा कि भारत में मीडिया का काफी विस्तार हुआ है। आजादी के समय देश में 1300 पत्र पत्रिकाएँ छपती थीं। वर्तमान समय में एक लाख से अधिक अखबार देश में प्रकाशित हो रहे हैं। रांची की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कभी एक अखबार निकलता था आज यहां से दो दर्जन से अधिक दैनिक अखबार निकलते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिस प्रकार से मीडिया व अखबारों का महत्व बढा है, उसी तुलना में जिम्मेदारी भी बढी है। अखबारों का बहुत बड़ा सामाजिक दायित्व है। क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ साथ लोगों को जानकारी उपलब्ध कराने, उसे शिक्षित करने एवं उनके मनोरंजन  का दायित्व भी अखबारों का है । श्री दत्त चतरा में देशप्राण के जिला कार्यालय के उद्घाटन के बाद गौरक्षणी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मीडिया के महत्व की चर्चा करते हुए उन्होंने प्रेस काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष न्यायमूर्ति पी वी सावंत के कथन की चर्चा करते हुए कहा कि  मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा जाता है,  लेकिन यह पहला स्तंभ बन गया है। उन्होंने कहा कि बाजारवाद एवं सरकारी विज्ञापनों पर निर्भरता के कारण विकृति आई है। उन्होंने कहा कि अखबार केवल समाचार पहुंचाने का माध्यम नहीं बल्कि पाठकों को सोचने के लिए मजबूर करता है। उन्होंने आशा जताई कि देशप्राण दूसरे अखबारों से हटकर  लोगों को प्रेरित करने के साथ साथ गांव, कृषि जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र को महत्व देगा। उन्होंने चतरा को स्वतंत्रता सेनानियों की धरती की संज्ञा दी और कहा कि 1857 के संघर्ष में कानपुर के बाद सबसे ज्यादा स्वतंत्रता सेनानियों को फांसी रांची और चतरा में दी गई थी। देशप्राण के प्रमुख अरुण कुमार ने लोगों से अखबार को सहयोग देने की अपील की। संपादक संपूर्णानंद भारती ने कहा कि बेहतरीन अखबार देने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों का सहयोग और आशीर्वाद चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए स्वामी विश्वंभर पाण्डेय ने कहा कि देशप्राण अपने नाम के अनुरूप उपस्थित होकर लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने का काम करेगा। चतरा कालेज के पूर्व प्राचार्य डा इफ्तेखार आलम ने भरोसा जताया कि देशप्राण में चतरा की आवाज मुखर होकर गुंजेगा और लोगों को प्रेरणा प्राप्त होगा। चतरा कालेज के पूर्व प्राचार्य डा पाण्डेय राम गोपाल ने कहा कि बलबीर दत्त ने झारखंड में पत्रकारिता को जन्म दिया है। इनके द्वारा संपादित देशप्राण लोगों के लिए उदाहरण बनेगा। कार्यक्रम का संचालन चतरा व्यूरो प्रमुख शंभु साहु ने किया, धन्यवाद ज्ञापन अवधेश कुमार जायसवाल ने किया। कार्यक्रम में पद्मश्री बलबीर दत को शाल ओढाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिवनंदन जी, नवनीत, सत्या जी, हजारीबाग प्रभारी शाद्वल कुमार सहित   बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, समाजसेवी, पत्रकार आदि उपस्थित थे। इसके पूर्व फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

एम न्यूज़ 13 पर खबर देखने के लिए www.mnews13.blogspot.comपर लॉगइन करे,विज्ञापन देने के लिए मोबाइल नंबर7992216120पर कॉल करें ,च...